राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर को सुविधाजनक और सुंदर बनाने के संकल्प के तहत नगर निगम द्वारा विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को अम्बेडकर वार्ड में लगभग 43 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
विशेष बात यह रही कि नगर की परंपराओं को सम्मान देते हुए महापौर प्रीति संजीव सूरी एवं क्षेत्रीय पार्षद संतोष शुक्ला ने वार्ड की कन्याओं श्रुति यादव और श्रेया यादव के हाथों विधिवत भूमिपूजन कराया। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, बीना बैनर्जी, पार्षद सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद डब्बू रजक, कमलेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और वार्डवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य हर वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि सड़क और नाली निर्माण से जहां आवागमन सुगम होगा, वहीं बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
वहीं, पार्षद संतोष शुक्ला ने कहा कि यह कार्य वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो अब पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार होगा और नागरिकों को दैनिक जीवन में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान वार्डवासियों में खासा उत्साह देखा गया। स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अखिलेश ठाकुर, मयंक गर्ग, दिलीप राय, गौरव द्विवेदी, गोविंद राय, दिलीप अग्रवाल, संदीप झरिया, अनिरुद्ध चंदन, अनमोल प्रसाद और नंद किशोर साहू सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।