राजेंद्र धाकड़ नर्मदापुरम
नर्मदापुरम में विश्व रेड क्रॉस दिवस पर आयोजित कार्यक्रम सिर्फ एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि मानवता को सलाम करने का अवसर बन गया। गांव-गांव जाकर रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने वाले किसान केशव साहू को कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
साधारण किसान होते हुए भी केशव साहू ने समाज सेवा को अपनी पहचान बना लिया है। जरूरतमंदों की मदद, रक्तदान शिविरों में सक्रिय भागीदारी और लोगों को जीवन बचाने के लिए प्रेरित करने का उनका अभियान लगातार चर्चा में है। यही कारण रहा कि रेड क्रॉस सोसायटी ने उनके सेवा कार्यों को विशेष रूप से सराहा।
कलेक्ट्रेट स्थित रेवा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और समाजसेवियों ने केशव साहू के कार्यों को “मानवता की असली खेती” बताया। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर बबीता राठौर, रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष अरुण शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।