बबेरू।
तहसील बार एसोसिएशन के चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए। मतगणना के बाद अध्यक्ष पद पर प्रभुदत्त पाण्डेय तथा महामंत्री पद पर नरेन्द्र यादव को विजयी घोषित किया गया। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों को फूल-मालाओं से लाद दिया और जमकर खुशी मनाई।
चुनाव में कुल 219 मतदाताओं में से 214 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि 5 मत नहीं पड़े।
इल्डर कमेटी के चेयरमैन रमेश कुमार श्रीवास्तव एवं चुनाव अधिकारी शिव कुमार सिंह ने मतगणना के बाद परिणाम घोषित करते हुए बताया कि अध्यक्ष पद पर प्रभुदत्त पाण्डेय ने 124 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी नवल किशोर प्रजापति को 34 मतों से पराजित किया। नवल किशोर प्रजापति को 90 मत मिले, जबकि रामजी द्विवेदी को कोई मत प्राप्त नहीं हुआ।
महामंत्री पद पर नरेन्द्र यादव ने 105 मत हासिल कर अपने प्रतिद्वंदी रामनरेश को 47 मतों से हराया। रामनरेश को 58 मत प्राप्त हुए, वहीं हरेन्द्र कुमार को 51 मत मिले।
इसके अलावा अन्य पदों पर एक-एक प्रत्याशी होने के कारण निर्विरोध निर्वाचन घोषित किया गया। कोषाध्यक्ष पद पर रमेश कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर कमल सिंह, सामान्य उपाध्यक्ष पद पर शत्रुधन प्रसाद मौर्य, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक श्रीनेत्र तथा संयुक्त सचिव प्रकाशन पद पर अब्दुल शेख निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
चुनाव प्रक्रिया में सहायक चुनाव अधिकारी के रूप में रामशरण प्रजापति, रामेन्द्र सिंह एवं देवदत्त नारायण द्विवेदी मौजूद रहे।
पूरे चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे और सुरक्षा व्यवस्था संभाले रहे।