राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में मंगलवार को एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने 41 नव नियुक्त आरक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर पुलिस विभाग में शामिल हुए युवा आरक्षकों के चेहरों पर उत्साह और गर्व साफ झलक रहा था।
पुलिस अधीक्षक श्री विश्वकर्मा ने नव आरक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस की वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि जनता के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और समर्पण का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी नव आरक्षकों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत संबंध स्थापित करना प्रत्येक पुलिसकर्मी का प्रमुख दायित्व है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहना भी उतना ही आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नव नियुक्त आरक्षकों को शुभकामनाएं दीं। कटनी पुलिस परिवार में शामिल हुए सभी 41 आरक्षकों के उज्ज्वल, सफल एवं गौरवपूर्ण पुलिस जीवन की कामना की गई।