राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने और उद्योगों की कार्यप्रणाली का जायजा लेने के उद्देश्य से कलेक्टर आशीष तिवारी ने शुक्रवार को विकासखंड बड़वारा के औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बामनहगवां स्थित टायर पायरोलिसिस प्लांट एवं झरेला स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड का निरीक्षण कर उत्पादन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने बामनहगवां गांव में संचालित टायर पायरोलिसिस प्लांट पहुंचकर टायरों से कार्बन फ्यूल एवं अन्य उत्पाद बनाने की प्रक्रिया को करीब से देखा। उन्होंने प्लांट में स्थापित आधुनिक मशीनों, उत्पादन तकनीक तथा तैयार होने वाले उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर प्लांट की कार्यप्रणाली, तकनीकी व्यवस्थाओं और संचालन संबंधी विभिन्न पहलुओं को समझा।
इसके बाद कलेक्टर आशीष तिवारी झरेला स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड पहुंचे, जहां उन्होंने सीमेंट उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लांट प्रबंधन से चर्चा करते हुए उत्पादन के दौरान आने वाली चुनौतियों, आवश्यकताओं एवं औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर जानकारी ली।
कलेक्टर ने उद्योगों के सुचारू संचालन, पर्यावरणीय मानकों के पालन तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्योति सिंह चौहान, उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के प्लांट हेड एवं संबंधित अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।