शमशपुर में मुख्यमंत्री भगवंत मान की लोक मिलनी, विधायक गैरी बड़िंग की जमकर सराहना
शमशपुर (अमलोह)अजय कुमार
फतेहगढ़ साहिब जिले की तहसील अमलोह के अंतर्गत गांव शमशपुर में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाने के लिए अध्यापकों को आधुनिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से शिक्षकों को फिनलैंड सहित अन्य विकसित देशों में भेजा गया है ताकि वे वहां के शिक्षा मॉडल का अनुभव लेकर विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान कर सकें।अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने अमलोह के विधायक गैरी बड़िंग की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गैरी बड़िंग द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है और उनकी मेहनत से अमलोह क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और स्थानीय नेतृत्व मिलकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा कि योग्य युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां प्रदान की जा रही हैं तथा पंजाब को विकास और खुशहाली की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शमशपुर नगर पंचायत के विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपये का चेक भेंट किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, सीवरेज तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे, जिनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिया गया। मुख्यमंत्री ने लोगों से विकास कार्यों में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है।
फोटो कैप्शन : शमशपुर में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान। साथ में विधायक गैरी बड़िंग एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति।