राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर निगम द्वारा संचालित राहगीरी डे अभियान का दसवां संस्करण रविवार को शांतिनगर मार्ग पर उत्साह, उमंग और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, महापौर प्रीति संजीव सूरी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन, निगमायुक्त तपस्या परिहार सहित जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
सुबह से ही नो-व्हीकल जोन घोषित शांतिनगर मार्ग पर स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला। बच्चों ने पेंटिंग और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाई, वहीं युवाओं ने जुंबा, रस्साकशी, हॉर्स राइडिंग और एयर गन जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया। वरिष्ठ नागरिकों ने योग और प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने में नागरिकों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और इसी सहभागिता के बल पर शहर स्वच्छता के नए आयाम स्थापित कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान कुंदन दास स्कूल की छात्राओं ने स्वच्छता आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। सांसद शर्मा ने निगम प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि राहगीरी डे जैसे आयोजन समाज को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
इस अवसर पर सांसद शर्मा ने उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति से एक पेड़ लगाने का आह्वान किया। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं स्वच्छता मित्रों का सम्मान किया गया। प्रतिभागियों को तुलसी का पौधा और कपड़े का थैला भेंट कर हरित एवं स्वच्छ कटनी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, फोर बिन मॉडल, इको-ब्रिक्स निर्माण, मैजिक शो और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। राहगीरी डे के इस सफल आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि स्वच्छ और स्वस्थ शहर का सपना जनसहभागिता से ही साकार हो सकता है।