राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
लमतरा बाईपास के समीप हुए भीषण बस हादसे के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। कटनी से विजयराघवगढ़-कारीतलाई जा रही यात्री बस की दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
घटनास्थल पर पहुंचकर सांसद वी.डी. शर्मा, विजयराघवगढ़ विधायक संजय सतेंद्र पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी तथा लोक निर्माण विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने दुर्घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं, दुर्घटना के कारणों और राहत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हादसे में घायल हुए लोगों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहे तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा के आवश्यक उपाय तत्काल सुनिश्चित करने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए गए।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।