मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण मे संपन्न कराने हेतु प्रशासन सक्रिय
जिला ब्यूरो चीफ : शिशिर शर्मा (सोनभद्र )
सोनभद्र। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा र्के निर्देशन में सोमवार को क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा द्वारा थाना रॉबर्ट्सगंज में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ताजियादारों, धर्मगुरुओं,गणमान्य नागरिकों, संभ्रांत व्यक्तियों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर मोहर्रम के दौरान भाईचारा, सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। उपस्थित लोगों को जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय
एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित
करने के लिए जागरूक किया गया। क्षेत्राधिकारी नगर ने
स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा प्रारंभ न की जाए तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचें। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा आपत्तिजनक पोस्ट की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। बैठक के दौरान विद्युत, पेयजल, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव लिए गए। संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आश्वासन भी दिया गया। अंत में पुलिस प्रशासन की ओर से सभी नागरिकों से सहयोग एवं समन्वय के साथ मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई तथा उपस्थित लोगों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। पुलिस ने जन पदवासियों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल-112 को सूचना दें।