किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर। राजधानी रायपुर के गांधी नगर–कालीबाड़ी क्षेत्र में देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने और पुलिस टीम के साथ कथित झूमाझटकी के आरोप में कोतवाली पुलिस ने 4 युवक और 3 युवतियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की रात करीब 3 बजे गांधी नगर स्थित एक मकान की छत पर जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और तेज आवाज में बज रहे साउंड सिस्टम को बंद कराते हुए सभी को समझाइश देकर लौट गई।
कुछ समय बाद दोबारा तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजने की शिकायत मिलने पर पुलिस फिर मौके पर पहुंची। पुलिस का आरोप है कि समझाइश के दौरान वहां मौजूद युवक-युवतियों ने अभद्र व्यवहार किया, धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की तथा गाली-गलौज करते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोट लगने की भी जानकारी दी गई है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2), 121, 121(1), 191 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।रायपुर पुलिस ने कहा है कि देर रात सार्वजनिक शांति भंग करना, तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाना तथा पुलिस या अन्य शासकीय कर्मचारियों के साथ अभद्रता या शासकीय कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा जारी जानकारी पर आधारित है। मामले की जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया जारी है, इसलिए आरोपों का अंतिम सत्यापन न्यायालय के निर्णय के अधीन होगा।