ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन हिमाचल प्रदेश,
पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय 14 जीटीसी, सुबाथू में 4 अगस्त 2026 को केन्द्रीय विद्यालय संगठन, गुरुग्राम संभाग के सहायक आयुक्त श्री दीदार सिंह के आगमन से विद्यालय परिवार उत्साहित एवं गौरवान्वित हुआ। इस अवसर पर पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय -2, चंडीमंदिर के प्राचार्य श्री केवल सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य श्री योगराज सिंह के नेतृत्व में उनका हार्दिक स्वागत किया गया।
अपने एक दिवसीय कार्यक्रम के दौरान श्री दीदार सिंह ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, खेलकूद, स्वच्छता व्यवस्था तथा विद्यालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद स्थापित किया तथा विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण एवं समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सफलता का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि निरंतरता, अनुशासन, समर्पण और ईमानदार परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि प्रत्येक कार्य पूरे मन, लगन और सकारात्मक सोच के साथ करें, क्योंकि अच्छे उद्देश्य और सच्चे मन से किया गया कार्य सदैव सफलता की ओर ले जाता है।
बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय-प्रबंधन, आत्मविश्वास तथा सतत अभ्यास का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का लक्ष्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें श्रेष्ठ चरित्र, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से युक्त आदर्श नागरिक बनकर राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने शिक्षकों को भी पूर्ण निष्ठा, समर्पण और उत्साह के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक का समर्पित प्रयास ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की सुदृढ़ नींव रखता है तथा राष्ट्र निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य योगराज सिंह ने गुरुग्राम संभाग के सहायक आयुक्त दीदार सिंह का विद्यालय आगमन, प्रेरणादायी मार्गदर्शन तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का उत्साहवर्धन करने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके प्रेरक विचार विद्यालय परिवार को उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने के लिए निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।