महेश पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न देशभक्ति गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित किया।
अभियान के तहत एनसीसी कैडेट्स द्वारा राष्ट्रगीत गतिविधि का आयोजन किया गया। कैडेट्स ने पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ राष्ट्रगीत प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, तिरंगे के सम्मान तथा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बारे में जानकारी देते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत तिरंगा रैली भी निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ रैली निकाली और आमजन को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। रैली के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का प्रचार-प्रसार करते हुए लोगों से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने तथा स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति और गौरव के साथ मनाने का आह्वान किया गया
Kuldeep dave
District Reporter
Jodhpur