वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार को काशी विश्वनाथ धाम में धार्मिक आयोजन हुआ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। दोनों नेताओं ने बाबा का जलाभिषेक कर आरती की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की। इस दौरान देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए भी प्रार्थना की गई।
काशी के पुरोहितों और स्वच्छता प्रहरियों का सम्मान
जन्मदिवस समारोह के दौरान काशी विश्वनाथ धाम में सेवा देने वाले पुरोहितों, आचार्यों और स्वच्छता प्रहरियों को सम्मानित किया गया। वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा से जुड़े बाइकर्स से भी रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने संवाद किया।
कार्यक्रम के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को मिष्ठान वितरित किया गया। प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिवस को देखते हुए 19-19 किलो के चार लड्डुओं से कुल 76 किलो का विशेष केक तैयार किया गया था। इसी केक को काटकर जन्मदिवस की खुशी मनाई गई।
विकसित भारत के संकल्प के लिए की प्रार्थना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना के साथ भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प की सफलता की कामना की गई।
पीएम मोदी के लंबे नेतृत्व की कामना: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं काशी के सांसद नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर बाबा विश्वनाथ के पावन धाम में विशेष पूजा-अनुष्ठान संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में रक्षा मंत्री, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
सीएम ने कहा कि बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की प्रार्थना की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लंबे समय तक देश का नेतृत्व करें, ताकि भारत आत्मनिर्भर, सुरक्षित और विकसित राष्ट्र के संकल्प को आगे बढ़ा सके।