- गोरखपुर-अयोध्या खंड शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ शरदेंदु कुमार त्रिपाठी ने अयोध्या मंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक एवं सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकासखंडों में स्थित दर्जनों विद्यालयों का भ्रमण कर शिक्षकों, प्रधानाचार्यों, शिक्षाविदों एवं विद्यालय प्रबंधकों से सीधे संवाद कर शिक्षा जगत से जुड़ी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को विस्तार से जाना।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनावी संपर्क तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षक समाज के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझना और उनके स्थायी समाधान के लिए प्रभावी पहल करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की समस्याओं को सुनना, उन्हें समझना और लोकतांत्रिक मंच पर मजबूती से उठाना ही उनके मिशन का मूल उद्देश्य है। डॉ. त्रिपाठी के अनुसार, विभिन्न विद्यालयों में संवाद के दौरान शिक्षकों एवं प्रबंधकों ने मानदेय, पुरानी पेंशन, विभागीय विसंगतियों, सेवा संबंधी समस्याओं तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि प्राप्त सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से संकलित किया जा रहा है, ताकि शिक्षक सदन में उन्हें प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।
उन्होंने कहा, “शिक्षक केवल एक कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्र की भावी पीढ़ी का निर्माता है। जब शिक्षक स्वयं समस्याओं से घिरा होगा, तो उससे शिक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सकारात्मक परिणाम की कल्पना कठिन है। मेरा प्रयास है कि शिक्षक समाज की आवाज को मजबूती और निरंतरता के साथ लोकतांत्रिक मंच तक पहुंचाया जाए।”
इस दौरान अनेक शिक्षकों, प्रधानाचार्यों एवं विद्यालय प्रबंधकों ने शिक्षा और शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी तथा अभियान के प्रति अपना समर्थन और सहयोग व्यक्त किया उन्होंने कहा कि शिक्षक हित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी व्यवस्था और शिक्षकों की गरिमा को केंद्र में रखकर आगे की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उनका कहना है कि शिक्षक समाज की समस्याओं का समाधान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज और व्यवस्था की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस व्यापक जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत अयोध्या मंडल के मसौधा, बीकापुर, तारुन, हैरिंग्टनगंज, मिल्कीपुर, कुमारगंज, धनपतगंज, बल्दीराय, कूरेभार, जयसिंहपुर, दूबेपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों का भ्रमण किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ शिक्षक, शिक्षाविद, प्रधानाचार्य, विद्यालय प्रबंधक एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जनसंपर्क अभियान में मीडिया प्रतिनिधि श्री सुधांशु त्रिपाठी, प्रतिनिधि श्री विपिन कुमार, सिद्धार्थनगर के प्रतिनिधि श्री धीरेंद्र वर्मा सहित स्थानीय प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
डॉ. शरदेन्दु कुमार त्रिपाठी ने कहा कि आने वाले समय में भी गोरखपुर-अयोध्या खंड के विभिन्न जनपदों में लगातार जनसंपर्क कर शिक्षक समाज से संवाद जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि “शिक्षकों की आवाज को सुनना, उनकी समस्याओं को समझना और उनके सम्मान एवं अधिकारों के लिए निरंतर प्रयास करना ही मेरे सार्वजनिक अभियान की प्राथमिकता है।