झांसी। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा की अध्यक्षता में नगर निकायों से संबंधित विकास कार्यों एवं शासन की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15वें वित्त आयोग के टाइड एवं अनटाइड ग्रांट से कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
नगर पालिका परिषद समथर एवं बरुआसागर में कुछ विकास कार्य अब तक प्रारंभ न होने पर अपर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य प्रत्येक दशा में 15 दिवस के भीतर शुरू कराने के निर्देश दिए।
बैठक में नगरीय निकायों में टैक्सी स्टैंड एवं पड़ाव स्थल विकसित किए जाने की भी समीक्षा की गई। नगर पंचायत रानीपुर एवं कटेरा में पड़ाव स्थल संचालित न होने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने नाले-नालियों की सफाई की समीक्षा करते हुए सभी अधिशासी अधिकारियों को निकाय क्षेत्रों में समुचित सफाई सुनिश्चित कराने तथा एक सप्ताह के भीतर सफाई कार्य पूर्ण होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में वंदन योजना, पं. दीनदयाल नगर विकास योजना, एमआरएफ सेंटर के संचालन सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। आईजीआरएस की शिकायतों के संबंध में निर्देश दिए गए कि अधिशासी अधिकारी स्वयं शिकायतों का परीक्षण कर अपनी हस्ताक्षरित आख्या पोर्टल पर अपलोड कराएं। किसी भी स्थिति में लिपिक के माध्यम से आख्या प्रेषित न की जाए।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं एवं नगरीय विकास कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराए जाएं, ताकि आमजन को योजनाओं का समय से लाभ मिल सके।
बैठक में नगर पालिका परिषद समथर के चेयरमैन, नगर पंचायत टोड़ी फतेहपुर, कटेरा एवं बड़ागांव के अध्यक्षगण सहित प्रभारी अधिशासी अधिकारी, उपजिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।