संवाददाता: तारिक अहमद
बहराइच:
विजिलेंस अवेयरनेस कैंपेन के अंतर्गत आईडीबीआई बैंक की ओर से गुरुवार को 11 बजे ग्राम सरवा, विकासखंड हुजूरपुर, तहसील सदर, जनपद बहराइच की ग्राम पंचायत में किसानों के लिए जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में किसानों को UPI, Paytm, Mule Account सहित विभिन्न प्रकार की साइबर ठगी और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई।
बैंक अधिकारियों ने किसानों को डिजिटल भुगतान करते समय सावधानी बरतने, किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही साइबर ठगों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले फर्जी कॉल, लिंक, क्यूआर कोड तथा अन्य तरीकों से सतर्क रहने के उपाय बताए गए।
इसके साथ ही दोपहर एक बजे नगर में स्थित किसान पीजी कॉलेज में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डिजिटल लेनदेन में सावधानी बरतने, साइबर अपराधों से बचाव तथा सुरक्षित बैंकिंग के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में आईडीबीआई बैंक की डीजीएम (विजिलेंस) मनीषा चंद्रा ने सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन एवं आदर्शों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को अपने आचरण में ईमानदारी एवं पारदर्शिता अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई गई।
साइबर सुरक्षा के संबंध में विद्यार्थियों को ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम/डेबिट कार्ड संबंधी जानकारी, बैंक खाते की गोपनीय जानकारी अथवा अन्य संवेदनशील विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में एजीएम अमित कुमार शर्मा एवं एजीएम अरुण कुमार कन्नौजिया ने भी विद्यार्थियों को सुरक्षित बैंकिंग एवं साइबर धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के प्राचार्य विनय सक्सेना , शिक्षिका सविता वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।