सोनभद्र ।जनपद के अनपरा थाना क्षेत्र के रेणुसागर चौकी अंतर्गत हिंडालको रेणुसागर कॉलोनी में शुक्रवार रात एक युवक का शव उसके आवास में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया ।
मृतक की पहचान 27 वर्षीय समीर खान पुत्र स्वर्गीय सलीम खान के रूप में हुई है। वह हिंडालको रेणुसागर कॉलोनी के एल टाइप आवास संख्या में रहता था। बताया गया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे उसका शव आवास में फंदे से लटका मिला। घटना के समय समीर घर में अकेला था, जबकि उसकी पत्नी मायके गई हुई थी।
समीर खान को वर्ष 2024 में हिंडालको के इलेक्ट्रिकल विभाग में नौकरी मिली थी। उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है। शव मिलने के बाद कॉलोनी में भी लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने बताया कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। समीर ने किस वजह से फांसी लगाई, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।