एटा। जिले के रिजोर कोतवाली क्षेत्र में निधौली खुर्द गांव के पास शुक्रवार रात धान से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। पुलिस ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान फिरोजाबाद जिले के एका थाना क्षेत्र के रमिया गांव निवासी अवनीश (30) के रूप में हुई है। बताया गया कि अवनीश शुक्रवार रात धान से भरा ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। रात करीब 11 बजे निधौली खुर्द गांव के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे में चालक उसके नीचे दब गया।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकलवाया और एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को खाई से बाहर निकलवाया गया। रिजोर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
