सिद्धार्थनगर
जिले में मंगलवार की रात माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। नवरात्रि के नौ दिनों तक विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद श्रद्धालुओं ने नम आंखों से माँ को विदा किया। विसर्जन कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा।
जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों शोहरतगढ़, बाँसी, डुमरियागंज, इटवा सहित जिला मुख्यालय के दर्जनों पंडालों से गाजे-बाजे के साथ प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाया गया। इस दौरान “बोलो दुर्गा मैया की जय” के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। डीजे की धुन पर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
विसर्जन को लेकर जिला एवं तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह से चुस्त-दुरुस्त नजर आया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी प्रमुख विसर्जन घाटों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए ड्रोन कैमरे और गोताखोरों की टीम भी मौजूद रही।
वहीं दूसरी ओर कई स्थानों पर दशहरा मेले का भी आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने मेले का लुत्फ उठाया। कुल मिलाकर विसर्जन पर्व शांतिपूर्ण और सकुशल सम्पन्न हो गया।
शहज़ाद आलम, जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर, ITN NATIONAL
