गुण्डरदेही में सट्टा-पट्टी लिखते 61 वर्षीय व्यक्ति पकड़ा गया, ₹1,000 नकद और सट्टा सामग्री जब्त
बालोद, 24 अक्टूबर 2026। जिले में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुण्डरदेही पुलिस ने जे.एल.एम. स्कूल के पीछे नहर के पास एक व्यक्ति को सट्टा-पट्टी लिखते पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से चार सट्टा-पट्टी पर्चियां, एक नीले रंग का डॉट पेन और ₹1,000 नकद जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नहर के पास सार्वजनिक स्थान पर एक व्यक्ति रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगवाकर सट्टा-पट्टी लिख रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान शिव निषाद (61 वर्ष), पिता स्वर्गीय अघनू राम निषाद, निवासी वार्ड क्रमांक 10, गुण्डरदेही के रूप में हुई है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6(क) में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन और एसडीओपी गुण्डरदेही श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में टीआई रवि पाण्डेय, PSI धनेश्वर कंवर, PSI आसमा कुर्रे सहित थाना पुलिस के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस ने नागरिकों से जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने और ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।


