– श्री गोपीनाथ जी मंदिर में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, धर्माचार्यों और गणमान्य नागरिकों ने की प्रशासन की सराहना– शारदीय नवरात्र के दौरान डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज सीमित रखने के रहे सकारात्मक परिणाम
झांसी, 24 अक्टूबर:
शारदीय नवरात्र पर्व के दौरान प्रतिमा विसर्जन जुलूसों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों एवं डीजे की तेज आवाज पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए झांसी जिला प्रशासन के प्रयासों की चहुंओर सराहना हो रही है। इसी क्रम में, उत्कृष्ट कार्यशैली और जनहितैषी कदमों के लिए सीओ सिटी प्रिया सिंह का श्री गोपीनाथ जी मंदिर, गुसाईंपुरा, झांसी में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित धर्माचार्यों, वरिष्ठ नागरिकों एवं श्री दुर्गा उत्सव महासमिति (पंजीकृत) के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन के इन प्रयासों को ऐतिहासिक और जनहित में बेहद सराहनीय बताया।
बुजुर्गों, बच्चों और ऐतिहासिक धरोहरों को मिली राहत
वक्ताओं ने कहा कि त्योहारों के दौरान धार्मिक आस्था और परंपराओं का सम्मान बनाए रखते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज को निर्धारित मानकों के अनुरूप सीमित रखना समय की मांग है। सीओ सिटी प्रिया सिंह के सख्त और प्रभावी निर्देशों के फलस्वरूप विसर्जन जुलूसों में ध्वनि स्तर नियंत्रण में रहा, जिससे विशेष रूप से बुजुर्गों, छोटे बच्चों, बीमार व्यक्तियों, महिलाओं और आम नागरिकों को भारी राहत मिली। इसके साथ ही, तेज ध्वनि और कंपन से पुराने मकानों तथा ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व की इमारतों को होने वाले संभावित नुकसान को टालने की दिशा में भी यह एक दूरदर्शी पहल साबित हुई।
महिला अधिकारी ने निभाई मिसाल
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि एक महिला अधिकारी होने के बावजूद अपनी जिम्मेदारी का पूरी दृढ़ता के साथ निर्वहन करते हुए प्रिया सिंह ने कानून व्यवस्था और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। नवरात्रि के दौरान डीजे निर्धारित मानकों के अनुरूप और सीमित संख्या में ही बजाए गए, जिससे ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगी।
धर्माचार्यों और गणमान्य नागरिकों ने किया सम्मानित
समारोह के दौरान जिला धर्माचार्य झांसी, महंत श्री विष्णु दत्त स्वामी जी ने सीओ सिटी प्रिया सिंह को श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, श्रीमती सुशीला देवी, शशि शर्मा एवं नेहा स्वामी आदि ने शॉल ओढ़ाकर, माला पहनाकर तथा स्वस्ति तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वक्ताओं ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी सभी धर्मों के आयोजनों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में नियमों का इसी प्रकार पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। नागरिकों ने प्रशासन और उत्तर प्रदेश शासन को आश्वस्त किया कि सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने के लिए वे हमेशा पुलिस-प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
समारोह में श्री दुर्गा उत्सव महासमिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम स्वामी, कार्यवाहक अध्यक्ष प्रदीप जैन आदित्य, महामंत्री मुकेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनोद अवस्थी, यात्रा प्रभारी पीयूष रावत, एडवोकेट विवेक दत्त स्वामी (केंद्रीय अध्यक्ष, बुंदेलखंड विवाह स्थल एसोसिएशन), महंत मार्तंड दत्त स्वामी सहित नरेंद्र शर्मा, पवन शर्मा, अनूप सहगल, नीरज कुशवाहा, अंकित पटेल, कमल कपूर, एडवोकेट हेमंत राव और राहुल साहू समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और धर्माचार्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन महंत मार्तंड दत्त स्वामी ने किया, जबकि आभार व्यक्त बुंदेलखंड विवाह स्थल एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष श्री विवेक दत्त स्वामी एडवोकेट ने किया।
