हेमन्त त्रिपाठी ब्यूरो चीफ सीहोर कलेक्टर श्री बालागुरु के. के निर्देशानुसार स्वामित्व योजना के अंतर्गत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में दस्तावेजों के पंजीयन के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में पटवारी सहित संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहकर पात्र हितग्राहियों के स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों के पंजीयन की कार्यवाही कर रहे हैं। शिविरों के माध्यम से हितग्राहियों को पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उन्हें पंजीयन के बाद दस्तावेजों का लाभ प्राप्त हो सके।
विशेष शिविरों में पंजीयन कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए एसडीएम एवं तहसीलदार द्वारा पंचायतों का भ्रमण किया जा रहा है। इस दौरान अधिकारी पंजीयन की कार्यवाही का निरीक्षण कर रहे हैं तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं, जिससे पंजीयन कार्य में तेजी लाई जा सके और पात्र हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्वामित्व योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के दस्तावेजों का पंजीयन कराना शासन की प्राथमिकता का कार्य है। कलेक्टर श्री बालागुरु के. ने निर्देश दिए हैं कि पंजीयन की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र हितग्राही पंजीयन से वंचित न रहे। इसके लिए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए पंजीयन कार्य को जल्द पूरा करें।
