सोनभद्र। जिले में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों और प्रबंधकों के साथ बैठक हुई, जिसमें नए मतदाताओं के पंजीकरण को सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी महाविद्यालय अपने यहां पढ़ने वाले 18 वर्ष पूर्ण कर चुके पात्र छात्र-छात्राओं की पहचान करें और उनसे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाएं। कॉलेजों को 17 नवंबर 2026 तक इन सभी आवेदनों को जिला निर्वाचन कार्यालय या संबंधित उप जिलाधिकारी के निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराने हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि कोई भी पात्र छात्र या छात्रा मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए प्रत्येक प्राचार्य से यह प्रमाणपत्र भी लिया जाएगा कि उनके महाविद्यालय के सभी पात्र विद्यार्थियों का पंजीकरण पूरा कर लिया गया है।
प्रशासन ने कॉलेजों से कैंपस में जागरूकता अभियान चलाने और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करने को भी कहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है और प्रशासन का प्रयास है कि पहली बार मतदान करने वाले प्रत्येक युवा समय रहते मतदाता सूची से जुड़ सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, जिले के उप जिलाधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल सहित विभिन्न डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य एवं प्रबंधक उपस्थित रहे।
