*जोधपुर के बिलाड़ा एवं ओसियां के राजकीय महाविद्यालयों में BRICS सतत जीवनशैली सप्ताह के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन*
*-ऊर्जा, जल एवं पर्यावरण संरक्षण, संतुलित आहार और मतदाता जागरूकता के माध्यम से विद्यार्थियों को दिया सतत जीवनशैली का संदेश*
जोधपुर, 4 नवंबर। जिले के राजकीय महाविद्यालयों में BRICS सतत जीवनशैली सप्ताह के अंतर्गत 1 से 7 नवंबर तक विभिन्न जागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय महाविद्यालय बिलाड़ा तथा ओसियां के शहीद गोरख राम वीर चक्र राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजकीय कन्या महाविद्यालय एवं राजकीय कृषि महाविद्यालय में पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं।
राजकीय महाविद्यालय बिलाड़ा की प्राचार्य प्रोफेसर उषा चौहान ने बताया कि सप्ताह के प्रथम दिन ऊर्जा संरक्षण विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित कर विद्यार्थियों को ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग एवं दैनिक जीवन में ऊर्जा बचत के उपायों की जानकारी दी गई। दूसरे दिन जल संरक्षण विषय पर पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जल के महत्व, जल संकट एवं संरक्षण के व्यावहारिक उपायों के प्रति जागरूक किया गया। तीसरे दिन एकल उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता के लिए रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में पर्यावरण संरक्षण विषय पर आयोजित कार्यशाला में मुख्य वक्ता डॉ. गजेंद्र राठौड़ ने पर्यावरणीय चुनौतियों, संरक्षण के उपायों एवं सतत जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
*पौष्टिक आहार एवं मतदाता जागरूकता पर भी दिए व्याख्यान*
ओसियां के तीनों राजकीय महाविद्यालयों के संयुक्त तत्वावधान में संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा मतदाता जागरूकता विषय पर व्याख्यान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें डॉ. मोहम्मद शाहिद ने संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को दैनिक भोजन में हरी सब्जियां, फल, दालें एवं पर्याप्त पानी शामिल करने तथा जंक फूड से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उचित समय एवं संतुलित मात्रा में पौष्टिक भोजन अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित किया जा सकता है।
मतदाता जागरूकता विषय पर डॉ. चैन सिंह ने छात्राओं को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं मतदाता पहचान पत्र बनवाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने मतदान को लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए प्रत्येक पात्र नागरिक से अपने मताधिकार के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार बनने का आह्वान किया।
*नवमतदाताओं को पंजीकरण के लिए किया प्रेरित*
राजकीय महाविद्यालय बिलाड़ा के निर्वाचन साक्षरता क्लब के प्रभारी रामदेव द्वारा 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों के मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया समझाई गई तथा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से फॉर्म संख्या-6 भरवाए गए। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना एवं निर्वाचन संबंधी जागरूकता बढ़ाना रहा।
ओसियां के कार्यक्रम की अध्यक्षता शहीद गोरख राम वीर चक्र राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार परिहार ने की। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया। वहीं, बिलाड़ा में डॉ. बालाराम ने ऐसी गतिविधियों को विद्यार्थियों में पर्यावरणीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सर्वांगीण विकास की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण बताया।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, स्वस्थ खानपान, जिम्मेदार नागरिकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। BRICS सतत जीवनशैली सप्ताह के तहत आगामी दिनों में भी विभिन्न शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
—000—
