मुख्यमंत्री की ‘विष्णु की पाती’ पाकर खिल उठा ड्रोन दीदी भुवनेश्वरी साहू का परिवार, पत्र को फोटो फ्रेम कर संजोया
‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना से बदली जिंदगी, आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहीं भुवनेश्वरी साहू
बालोद, 07 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की ओर से मिला आत्मीय संदेश गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम परसदा डंग निवासी ‘ड्रोन दीदी’ श्रीमती भुवनेश्वरी साहू और उनके परिवार के लिए यादगार बन गया है। मुख्यमंत्री द्वारा भेजी गई ‘विष्णु की पाती’ पाकर भुवनेश्वरी साहू प्रसन्नचित हैं। उन्होंने इस विशेष पत्र को फोटो फ्रेम कराकर सुरक्षित संजो लिया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने संदेश में भुवनेश्वरी साहू के आत्मनिर्भरता के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें और उनके पूरे परिवार को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी है। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। पत्र में उनके पति और बच्चों का भी उल्लेख किया गया है, जिससे पूरा परिवार भावुक और गौरवान्वित है।
‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना ने दिखाई आत्मनिर्भरता की राह
भुवनेश्वरी साहू ने बताया कि केंद्र एवं राज्य शासन की महत्वाकांक्षी ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना ने उनके जीवन को नई दिशा दी है। योजना के तहत तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर वे आधुनिक कृषि तकनीक से जुड़ीं। अब वे ड्रोन के माध्यम से खेतों में कीटनाशक एवं उर्वरक का छिड़काव कर किसानों को सुविधा प्रदान कर रही हैं।
इस कार्य से उन्हें सम्मानजनक आजीविका मिल रही है और वे अपने परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में भी योगदान दे रही हैं। आधुनिक तकनीक से जुड़कर उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की एक प्रेरक मिसाल पेश की है।
मुख्यमंत्री के संदेश को बताया गर्व और सौभाग्य की बात
‘विष्णु की पाती’ मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए भुवनेश्वरी साहू ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से बधाई संदेश मिलना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। पत्र में उनके साथ पूरे परिवार को शुभकामनाएं दिए जाने से सभी सदस्य बेहद खुश हैं। इस अनमोल संदेश को यादगार बनाए रखने के लिए उन्होंने इसे फोटो फ्रेम कराकर सुरक्षित रख लिया है।
भुवनेश्वरी साहू ने महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं आगामी दीपावली पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

