कोल्हू संचालक ने किसानों को लगाई चपत, कई लाख रुपए लेकर रफूचक्कर
तल्हेडी बुजुर्ग सलेमपुर निवासी कोल्हू संचालक ने किसानों को कई लाख रुपए की चपत लगा कर रफू चक्कर हो गया है। पीड़ित किसानों ने तल्हेडी बुजुर्ग चौकी में तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की है।
बुधवार को तल्हेडी बुजुर्ग चौकी पर तहरीर देते हुए पीड़ित किसानों वासुदेव पुत्र ओंकार, हिमांशु पुत्र अरविंद, हिमांशु पुत्र बोबी,सुबोध पुत्र राजेंद्र ,दीपक पुत्र राजेंद्र, मोहित पुत्र महिपाल व रामप्रसाद निवासीगण सरसीना और दिलशाद पुत्र वहिद व पप्पू पुत्र जयपाल निवासी अंबोली ने बताया कि सलेमपुर निवासी कलवा पुत्र मंजूरा कोल्हू संचालक है जिसका कोल्हू पनियाली मार्ग पर स्थित है।हम सभी ने उसके कोल्हू में गन्ना डाल रखा था। मंगलवार को देर रात वह सभी किसानों के गन्ने का पैसा लेकर रफूचक्कर हो गया है। उन्होंने बताया कि सभी किसान एकजुट होकर कोल्हू संचालक के घर पहुंचे लेकिन उसके घर पर ताला लगा हुआ है।पीड़ित किसानों ने कोल्हू संचालक के विरुद्ध नामजद तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की है। पीड़ित किसानों द्वारा वह धनराशि करीब तीन लाख रुपए बताई जा रही है। उधर तल्हेडी बुजुर्ग चौकी प्रभारी अजय कसाना का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
रिपोर्ट रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़