सहारनपुर में ईद की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के कुछ युवकों ने घंटाघर पर इजराइल द्वारा फलस्तीन में मुस्लिम समुदाय के खिलाफ अत्याचार और बच्चों के नरसंहार के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताया। इस दौरान युवकों ने फलस्तीन के झंडे के साथ-साथ भारत का तिरंगा भी लहराया, जो उनके अपने देश हिंदुस्तान के प्रति गहरे लगाव और प्रेम को दर्शाता है। मुस्लिम युवकों का कहना है कि इजराइल द्वारा फलस्तीन में मुस्लिम समुदाय के खिलाफ नरसंहार किया जा रहा है, जिसमें अब तक सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं, हालांकि सटीक आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं। उनका कहना था कि वे किसी भी समुदाय के साथ होने वाले अत्याचार के खिलाफ खड़े हैं और अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
विरोध के बाद सभी शांतिपूर्वक अपने गंतव्यों को लौट गए। इस दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मुस्लिम युवकों द्वारा तिरंगे को लहराना उनके देशभक्ति के जज्बे का प्रतीक माना जा रहा है, जो यह साबित करता है कि वे अपने देश हिंदुस्तान से कितना गहरा प्रेम और सम्मान रखते हैं।
*”ईद की नमाज के बाद झंडा प्रदर्शन,जांच के आदेश”*
“आज 31 मार्च 2025 को एक वीडियो के माध्यम से जानकारी मिली है कि थाना कुतुबशेर क्षेत्र में ईद की नमाज समाप्त होने के बाद भीड़ के विसर्जन के दौरान 8-10 युवा लड़कों द्वारा फिलिस्तीन और भारत का झंडा प्रदर्शित किया गया। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से पुलिस टीम को इन व्यक्तियों के नाम और अन्य विवरण पता करने के लिए लगाया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अशांति को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।” – एसपी सिटी व्योम जिंदल की बाईट
रिपोर्ट रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़