दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
महाशिवरात्रि के पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाने के उद्देश्य से गुरुवार अपराह्न स्थानीय कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। सीओ राजेश कुमार राय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार राय ने बैठक को संबोधित करते हुए जुलूस, शिवबारात शोभायात्रा, शिव विवाह, मेले और कस्बे के अन्य आयोजनों में सतर्कता बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों द्वारा निकाले जाने वाले जुलूसों के मार्ग पूर्व निर्धारित रहेंगे तथा किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी या विवाद से बचने के लिए सभी पक्ष आपसी सहयोग करें। मेले व शिव विवाह जैसे प्रमुख आयोजनों में छोटी-मोटी समस्याओं, जैसे पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और ध्वनि प्रदूषण पर तत्काल ध्यान देने की हिदायत दी गई। साथ ही, उन्होंने उपस्थितजनों से नियमों का पालन करते हुए भाईचारे की भावना बनाए रखने और किसी भी असामान्य स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, चेयरमैन कमलेश मोहन, डॉ. लवकुश प्रजापति,रविंद्र जायसवाल,पूर्व चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि, कन्हैयालाल अग्रहरि, सुरेंद्र गुप्ता,पंकज जायसवाल , दीपक शाह के अलावा अन्य उपस्थित रहे। सभी ने सीओ के निर्देशों का समर्थन किया तथा त्योहार को उत्साहपूर्वक लेकिन शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का संकल्प लिया।