न्यूज रिपोर्टर जितेंद्र कुमार सैनी
झांसी, [17/06/2025]: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लहचूरा थाना क्षेत्र के खनुआ गांव में मंगलवार को नशे में धुत एक युवक ने 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की बेरहमी से फरसे से काटकर हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक फरसा लिए गांव में घूम रहा था। उसने पहले वृद्धा से ‘राम-राम’ कर अभिवादन किया और फिर अचानक उन पर घातक हमला कर दिया। हमले इतना वीभत्स था कि बुजुर्ग महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस बल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल किया गया फरसा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
यह घटना एक बार फिर समाज में बढ़ती नशाखोरी और उसके गंभीर परिणामों को उजागर करती है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की बात कह रही है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है और लोग ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।