नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग
नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक एवं एलईडी स्क्रीन के माध्यम से ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक
हजारीबाग: झारखंड सरकार के निर्देशानुसार चलाए जा रहे नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, हजारीबाग द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में बुधवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक एवं एलईडी स्क्रीन के माध्यम से नशा उन्मूलन का संदेश प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंचाया गया। इस अवसर पर कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटकों में मादक पदार्थों के सेवन से उत्पन्न सामाजिक, पारिवारिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों को जीवंत तरीके से प्रदर्शित किया गया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाए गए जागरूकता वीडियो, संदेश तथा शपथ कार्यक्रम ने उपस्थित ग्रामीणों में सकारात्मक प्रभाव उत्पन्न किया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने सक्रिय रूप से सहभागिता दर्ज कराते हुए नशा मुक्त समाज की स्थापना हेतु प्रतिबद्धता व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि “नशा छोड़े, जीवन से नाता जोड़े” थीम पर आधारित यह अभियान राज्य सरकार द्वारा वृहत स्तर पर से जिले के शहरी क्षेत्रों, सभी पंचायतों एवं गांवों में संचालित किया जा रहा है।