खबर सहारनपुर से
मैक्स हॉस्पिटल देहरादून ने मानसून में होने वाली बीमारियों को लेकर चलाया जागरूकता अभियान
सहारनपुर । मानसून जहां गर्मी से राहत लाता है, वहीं डेंगू और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ा देता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, देहरादून द्वारा एक विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. दिव्य गर्ग ने बताया कि डेंगू और मलेरिया मच्छरों से फैलने वाली गंभीर बीमारियां हैं। डेंगू एडीज मच्छर के काटने से और मलेरिया एनाफिलीज मच्छर से फैलता है। दोनों बीमारियों में तेज बुखार, बदन दर्द, सिर दर्द, उल्टी, चकत्ते आदि लक्षण हो सकते हैं। समय पर इलाज न होने पर स्थिति गंभीर हो सकती है।
डॉ. गर्ग ने बताया कि डेंगू का कोई विशेष इलाज नहीं है, इसका उपचार लक्षणों के अनुसार किया जाता है, जिसमें हाइड्रेशन, प्लेटलेट की निगरानी और जरूरत पड़ने पर अस्पताल में भर्ती भी शामिल है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पानी जमा न होने दें, मच्छरदानी का प्रयोग करें और फुल स्लीव कपड़े पहनें।
अस्पताल का यह प्रयास लोगों को समय रहते सतर्क करने और शुरुआती लक्षण पहचानकर इलाज लेने की प्रेरणा देने के लिए है, ताकि मानसून का मौसम बीमारियों की जगह स्वस्थ और सुरक्षित गुजरे।
रिपोर्टर रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़