नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
बरही तिलैया रोड पर कंटेनर से 400 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
हजारीबाग: जिले के बरही तिलैया रोड एनएच किनारे शनिवार रात्रि करीब 10:00 बजे गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक छह चक्का कंटेनर वाहन से करीब 400 पेटी अवैध विदेशी शराब जब्त की है। शराब विभिन्न ब्रांड की है, जिस पर “For Sale in Chandigarh Only” अंकित है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस छापेमारी में कंटेनर चालक पंजाब निवासी जगदीश सिंह, पिता स्व. हरनेक सिंह को मौके से गिरफ्तार किया गया। उसे विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई सहायक आयुक्त उत्पाद को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। छापेमारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद सुमितेश कुमार, भुवनेश्वर नायक और कृष्ण प्रजापति प्रमुख रूप से शामिल थे।
इस अवैध कारोबार के पीछे पानीपत, हरियाणा निवासी मोंटी नामक व्यक्ति को मुख्य सरगना माना जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उत्पाद विभाग अन्य संलिप्त लोगों की भी पहचान कर जांच में जुटी हुई है।
प्रशासन ने इसे शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।