नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
सीसीएल परियोजनाओं की प्रगति पर उपायुक्त ने की समीक्षात्मक बैठक, समन्वय से समस्याएं सुलझाने का निर्देश
हजारीबाग: जिले में संचालित केंद्रीय कोयला लिमिटेड (सीसीएल) की परियोजनाओं की कार्यप्रगति एवं संचालन से संबंधित मामलों को लेकर शनिवार को उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में कार्यालय सभाकक्ष में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़का स्याल, चरही, अरगड्डा, चंद्रगुप्त समेत अन्य परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति तथा संबंधित समस्याओं पर गहन चर्चा हुई।
बैठक में परियोजना प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को म्यूटेशन, स्टेटमेंट-6 से जुड़ी समस्याएं, आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों के स्थानांतरण की आवश्यकता, पुनर्वास से संबंधित अड़चनों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों से अवगत कराया।
इन विषयों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि समन्वय के साथ कार्य करते हुए इन समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और सीसीएल प्रबंधन के बीच नियमित संवाद की आवश्यकता है, जिससे लंबित मामलों का त्वरित निपटारा हो सके और परियोजनाओं की रफ्तार बनी रहे।
उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि स्थानीय नागरिकों को भी परियोजनाओं से होने वाले लाभों का समय पर लाभ मिल सके।