नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
दारु प्रखंड में एफएनएचडब्ल्यू कार्यक्रम के तहत वरीय पदाधिकारियों ने किया क्षेत्र भ्रमण
हजारीबाग/दारु: प्रखंड में बुधवार को एफएनएचडब्ल्यू (फूड, न्यूट्रिशन, हेल्थ एंड वॉश) कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न राज्यों से आए वरीय पदाधिकारियों ने क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दल में छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों के एसआरएलएम (स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन) से जुड़े अधिकारी शामिल थे।
पदाधिकारियों ने अपने भ्रमण के दौरान आजीविका महिला ग्राम संगठन, इरगा, आंगनवाड़ी केंद्र, पोषण वाटिका, महिला संकुल संगठन, दारु और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का गहनता से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता से संबंधित किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेष रूप से पोषण संबंधी नवाचारों, स्थानीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग और महिला समूहों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर, जेंडर रिसोर्स सेंटर की दीदियों से भी मुलाकात की गई और उनके द्वारा चलाए जा रहे कार्यों तथा जागरूकता अभियानों की जानकारी ली गई। भ्रमण के दौरान जेएसएलपीएस हजारीबाग कार्यालय के वरीय पदाधिकारी और अन्य कर्मी भी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर बैठक और अनुभवों का आदान-प्रदान
कार्यक्रम के तहत प्रखंड सह अंचल कार्यालय, दारू में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर चल रही योजनाओं की प्रगति का अवलोकन किया और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
इस क्षेत्र भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विभिन्न राज्यों के अनुभवों का आदान-प्रदान करना और जमीनी स्तर पर चल रहे स्वास्थ्य संबंधी कार्यों की गुणवत्ता का मूल्यांकन करना था। इससे भविष्य में इन कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा, जिससे समुदाय के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार लाया जा सके।