कुत्ते से टकराकर बाइक सवार दम्पति गम्भीर रूप से घायल
तल्हेडी बुजुर्ग: मानकी मन्दिर से जल चढ़ाकर लौट रहे बाइक सवार दम्पति की बाइक कुत्ते से टकरा गई जिसके कारण वह गम्भीर रूप से घायल हो गए, परिजनों ने घायलों को मुजफ्फरनगर निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को तल्हेडी बुजुर्ग क्षेत्र के गांव मनोहरपुर निवासी राजबीर पुत्र मोहकम अपनी पत्नी
के साथ बाइक पर सवार होकर मानकी मन्दिर से महादेव का जलाभिषेक कर घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह साखन नहर के समीप पहुंचे तो उनकी बाइक के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया । जिसके कारण बाइक सवार दम्पति हाईवे पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही उनके परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और आनन फानन में घायलों को कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक द्वारा उन्हें आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया गया लेकिन सिर में अन्दरूनी चोट होने के कारण घायल बेसुध दिखाई दिए। जिसके बाद चिकित्सक ने गम्भीर हालत के चलते घायलों को रेफर करने का परामर्श दिया। तत्पश्चात घायलों के परिजन उन्हें मुजफ्फरनगर एक निजी अस्पताल में उपचार कराने के लिए रवाना हो गए।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़