नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
हजारीबाग: पत्नी पर पति की हत्या का आरोप, परिजनों ने शव के साथ किया प्रदर्शन
हजारीबाग : एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहाँ कल ओकनी मोहल्ले में फांसी पर लटके मिले राजा नामक व्यक्ति के शव को आज पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों ने लोहसिंघना थाना के सामने सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। मृतक की माँ आशा देवी ने अपनी बहू रानी पर हत्या का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
परिजनों का आरोप है कि राजा की मौत फांसी लगाकर नहीं हुई है, बल्कि उसे मारकर फांसी पर लटकाया गया है। आशा देवी द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, राजा की पत्नी रानी पर ही हत्या का शक है। परिजनों ने बताया कि रानी नाचने-गाने का काम करती है और पहले से शादीशुदा थी, जिसके दो बच्चे भी हैं। उनका आरोप है कि जब रानी काम के लिए बाहर जाती थी तो राजा घर पर बच्चों की देखभाल करता था, इसी दौरान दोनों में प्रेम हुआ और 10 महीने पहले उन्होंने शादी कर ली। शादी के बाद वे हजारीबाग के ओकनी में रहने लगे।
परिजनों का दावा है कि शादी के बाद राजा को पता चला कि रानी का किसी और से अफेयर है, जिसके कारण उनके रिश्ते में तनाव बढ़ गया। कल सुबह 4 बजे राजा की मौत की खबर आई, जिसे परिजन फांसी लगाने का मामला नहीं मान रहे हैं, बल्कि इसे हत्या का रूप देने का आरोप लगा रहे हैं। इसी आरोप को लेकर मृतक राजा की माँ और मोहल्ले के लोगों ने लोहसिंघना थाना के सामने सड़क जाम कर दिया और विरोध प्रदर्शन किया।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने आरोपी रानी को थाने को सौंपा था, लेकिन पुलिस ने उसे छोड़ दिया। मृतक राजा हजारीबाग के बॉम्बे हाउस कोर्रा का निवासी था और शादी के बाद अपनी पत्नी के साथ अपने घर से अलग ओकनी मोहल्ले में रह रहा था। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।