रामपुर मनिहारान बना मिलावटी दूध और पनीर का गढ़, सहारनपुर पहुंच रही भारी मात्रा में खतरनाक सप्लाई
सहारनपुर । रक्षाबंधन के मद्देनजर जहां शहर में मिठाइयों की तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, सहारनपुर में इन दिनों रामपुर मनिहारान और आसपास के गांवों से जंगलों के रास्ते तथा हाईवे के जरिए हजारों लीटर संदिग्ध दूध और कई कुंतल मिलावटी पनीर की आपूर्ति की जा रही है।
खासकर दिल्ली रोड क्षेत्र और पोश कॉलोनियों में स्थित दूध की डेरियों पर यह दूध और पनीर बड़ी मात्रा में पहुंच रहा है। स्थानीय लोग अनजाने में इन पदार्थों का सेवन कर बीमार पड़ रहे हैं और डॉक्टरों के पास अलग-अलग बीमारियों की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि दूध व दूध उत्पाद आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं।
दुखद पहलू यह है कि अब तक खाद्य विभाग की ओर से इन दूधियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। खाद्य अधिकारियों की चुप्पी और निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिला प्रशासन भले ही कह रहा हो कि खाद्य पदार्थों में मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी, परंतु जमीनी हकीकत कुछ और ही बयान कर रही है।
स्थानीय नागरिकों और पोश कॉलोनियों के निवासियों को भी अब जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्हें यह समझना होगा कि जो दूध या क्रीम-मक्खन वे उपयोग में ला रहे हैं, क्या वह वास्तव में शुद्ध है?
प्रशासन को चाहिए कि इस मिलावटी जाल पर तत्काल सख्त कार्रवाई करे और त्योहारों के इस मौसम में जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराए।
चेतावनी! मिलावटी दूध और पनीर से रहें सावधान
सस्ती मिठाई और दूध उत्पाद खरीदने से पहले उनकी गुणवत्ता की जांच करें।
खुले दूध, क्रीम, मक्खन और पनीर को बिना जांचे न करें उपयोग।
संदिग्ध उत्पादों की जानकारी तुरंत खाद्य विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें।
त्योहारों के मौसम में मिलावटखोर ज्यादा सक्रिय रहते हैं – सतर्क रहना ही सुरक्षा है।
बीमारियों से बचने के लिए केवल भरोसेमंद दुकानों से ही पैकेटबंद सामग्री खरीदें।
शिकायत के लिए संपर्क करें:
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, सहारनपुर
स्वास्थ्य है तो त्योहार है – मिलावट से न करें समझौता!
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़