दुद्धी सोनभद्र। सोमवार की शाम एनएच-39 पर कनहर पुल के समीप सवारी टेंपो और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस सड़क हादसे में बच्ची समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोरुखाड़ निवासी मिथिलेश विश्वकर्मा (30 वर्ष), पुत्र दीनानाथ, टेंपो से अपने घर जा रहे थे। उसी दौरान पकरी निवासी कमलेश (22 वर्ष), उनकी पत्नी सुप्रिया देवी (20 वर्ष) और तीन वर्षीय पुत्री खुशी बाइक पर सवार होकर इलाज के लिए दुद्धी आ रहे थे।
शाम करीब साढ़े छह बजे दुद्धी से विंढ़मगंज की ओर जा रही टेंपो और बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में टेंपो सवार मिथिलेश विश्वकर्मा और बाइक सवार कमलेश व उनकी पत्नी सुप्रिया देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बच्ची खुशी को भी चोटें आई हैं।
डॉक्टरों के अनुसार मिथिलेश और कमलेश की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जबकि सुप्रिया देवी को अंदरूनी गंभीर चोटें आई हैं। तीनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। घायल बच्ची खुशी का इलाज दुद्धी सीएचसी में जारी है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह