नौतनवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर 13, महेंद्र नगर में एक घर के अंदर से एक महिला का तीन दिन पुराना शव बरामद हुआ है। शव से आ रही तीव्र दुर्गंध के कारण पड़ोसियों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद यह सनसनीखेज मामला सामने आया।
मंगलवार को पड़ोसियों ने बताया कि उक्त घर से लगातार बदबू आ रही थी। संदेह होने पर उन्होंने नौतनवां पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब दरवाजा तोड़ा तो घर के अंदर एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, शव लगभग तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। महिला की पहचान और उसकी मृत्यु के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद से इलाके में भय और सन्नाटा पसरा हुआ है।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)