उरई(जालौन):
शिक्षक दिवस पर सेवानिवृत्त शिक्षकों का हुआ सम्मान:
डीएम-एसपी ने शिक्षकों के योगदान को किया नमन:
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ (अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ से सम्बद्ध) की ओर से शुक्रवार को सिटी सेंटर, स्टेशन रोड, उरई पर सेवानिवृत्त शिक्षकों का विदाई एवं सम्मान समारोह तथा शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय, विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रप्रकाश एवं वित्त एवं लेखाधिकारी अजित कुमार द्विवेदी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेशीय कोषाध्यक्ष ठाकुरदास यादव ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री आफताब आलम ने किया। दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के बाद पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समारोह की शुरुआत हुई। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। मंच पर पूर्व जिलाध्यक्ष रामराजा द्विवेदी, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, जिला संरक्षक गौतम त्रिपाठी, वेतन भोगी सोसायटी के सभापति सुनील निरंजन तथा माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय उपाध्यक्ष गिरीन्द्र कुशवाहा भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि शिक्षकों को डॉ. राधाकृष्णन के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज निर्माण में योगदान देना चाहिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने शिक्षकों को अपने जीवन में सबसे बड़ा मार्गदर्शक बताया। बीएसए चंद्रप्रकाश ने कहा कि शिक्षक ही भविष्य के निर्माता हैं। जिलाध्यक्ष ठाकुरदास यादव ने कहा कि जनपद का हर शिक्षक परिवार का हिस्सा है और संगठन उनकी हर समस्या के समाधान के लिए संघर्ष करेगा। समारोह में बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंत्री, शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश