दुद्धी सोनभद्र। रविवार देर रात तेज गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई ।
जानकारी के अनुसार मोहित (24) पुत्र हरिश्चंद निवासी ग्राम तुर्रीडीह पोस्ट महुअरिया थाना दुद्धी,रविवार की रात करीब 9:50 बजे अपने घर के सामने महुआ के पेड़ के नीचे मवेशियों को बांध रहा था। इसी बीच अचानक आकाशीय बिजली महुआ के पेड़ पर गिरी और उसकी चपेट में मोहित समेत एक बैल आ गया। हादसे में बैल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोहित गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मोहित को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों के मुताबिक मोहित की हालत फिलहाल पहले से बेहतर बताई जा रही है।
घटना स्थल पर करीब छह मवेशी बंधे हुए थे, जिनमें से केवल एक बैल की ही मौत हुई, जबकि बाकी सभी मवेशी सुरक्षित हैं।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह