फतेहगंज पश्चिमी, बरेली । थाना परिसर का नगर से लगभग 1 किमी दूर स्थित पुराना रबड़ फैक्ट्री परिसर में स्थित होना स्थानीय जनता और पुलिस कर्मियों दोनों के लिए समस्या बन चुका है। 25 वर्षों से बंद पड़े इस फैक्ट्री परिसर में अब जंगल नुमा माहौल बन चुका है। पुलिस कर्मियों के रहने के लिए उपलब्ध रबड़ फैक्ट्री के जर्जर बने आवास व क्षतिग्रस्त थाना भवन की स्थिति अत्यंत दयनीय है।
स्थानीय प्रशासन व जनप्रतिनिधि लगातार प्रयास कर चुके हैं कि थाना परिसर को नगर के स्टेशन रोड पर सिंचाई विभाग की खाली पड़ी भूमि पर स्थानांतरित किया जाए। इससे न केवल पुलिस कर्मियों के लिए बेहतर आवासीय सुविधा सुनिश्चित होगी, बल्कि आमजन को अपनी शिकायत दर्ज करवाने में भी सुविधा होगी। साथ ही थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराध विशेषकर ड्रग तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा।
युवा अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, बरेली के जिला अध्यक्ष एवं प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष रहे निवर्तमान चेयरमैन भाजपा प्रत्याशी आशीष अग्रवाल ने माननीय प्रमुख सचिव गृह उत्तर प्रदेश को प्रार्थना पत्र भेजते हुए इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया। उन्होंने बताया कि परिवहन निगम ने सिंचाई विभाग की आधी जमीन पर नव निर्माण कर रोडवेज बस अड्डा बना लिया है, जबकि शेष बची भूमि पुलिस विभाग को हस्तांतरित कर नए थाना भवन का निर्माण किया जाना चाहिए।
इस संबंध में पहले भी मुख्यमंत्री जी को प्रार्थना पत्र 2 जनवरी 2025 को सौंपा गया था, जिसमें प्रक्रिया शुरू करवाई गई थी। लेकिन अफसोस की बात है कि अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। नगरवासियों का कहना है कि थाने के नगर से दूर होने के कारण शिकायतें दर्ज करवाने में कठिनाई होती है और पुलिस कर्मी भी अपनी ड्यूटी करने के लिए नगर में किराए के मकानों पर रहने को मजबूर हैं।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि ने सभी संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया है कि इस प्रक्रिया को जल्द पूर्ण करते हुए थाना परिसर को नगर के अंदर स्थानांतरित कर नए व सशक्त थाना भवन का निर्माण कराया जाए ताकि अपराध नियंत्रण में अधिक प्रभावी कदम उठाए जा सकें। साथ ही पुलिस कर्मियों का स्वास्थ्य और कार्यप्रणाली बेहतर होगी जिससे वे जनता की सेवा और सुरक्षा में और बेहतर योगदान दे सकेंगे।
पवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली