नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग
विभावि के फिजियोथैरेपी विभाग में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
स्वस्थ महिलाओं के बिना देश का प्रगति संभव नहीं: कुलपति प्रो चंद्र भूषण शर्मा
जल्द उपलब्ध कराई जाएगी रोकथाम की वैक्सीन: शेफाली गुप्ता
विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हज़ारीबाग में 15 सितम्बर 2025 को सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ओम आरोहनम संस्था द्वारा आयोजित एवं फिजियोथेरेपी विभाग, विनोबा भावे विश्वविद्यालय द्वारा समन्वित किया गया। आयोजन स्थल आर्यभट्ट हॉल रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा, डॉ. विकास कुमार (निदेशक, फिजियोथेरेपी विभाग), डॉ. निशांत भारद्वाज (रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट), शेफाली गुप्ता (ओम आरोहनम संस्था) एवं डॉ. उमेंद्र कुमार सिंह (नोडल अधिकारी, विकसित भारत युवा कनेक्ट) द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि किसी भी देश की प्रगति तभी संभव है जब समाज का हर वर्ग, विशेषकर महिलाएँ, समान अवसर और सम्मान के साथ आगे बढ़ें।
डॉ. विकास कुमार, निदेशक, फिजियोथेरेपी विभाग ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कुलपति महोदय का आभार व्यक्त किया जिन्होंने फिजियोथेरेपी विभाग को इस कार्यक्रम का समन्वय करने का अवसर दिया।
नोडल अधिकारी डॉ. उमेंद्र कुमार सिंह ने विकसित भारत युवा कनेक्ट के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका लक्ष्य युवाओं, विशेषकर महिलाओं को स्वास्थ्य एवं सामाजिक चेतना के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित करना है।
डॉ. निशांत भारद्वाज (रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट) ने सर्वाइकल कैंसर के लक्षणों एवं समय पर जाँच की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। वहीं शेफाली गुप्ता (ओम आरोहनम संस्था) ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की वैक्सिनेशन शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी और इसके लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में कैंसर, विशेषकर सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना और उन्हें समय पर जाँच एवं टीकाकरण के लिए प्रेरित करना था।
संचालन (Anchoring) का कार्य अर्पण दुबे (सीएनडी विभाग) एवं त्रिप्ती (फिजियोथेरेपी विभाग) ने किया।
धन्यवाद ज्ञापन त्रिप्ती (फिजियोथेरेपी विभाग) द्वारा प्रस्तुत किया गया।