राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
विभागीय योजनाओं व कार्यक्रमों के क्रियान्वयन मे लाएं तेजी
कलेक्टर ने स्वच्छता सेवा पखवाड़ा, राष्ट्रीय पोषण माह, स्वस्थ्य नारी-सशक्त परिवार अभियान के संबंध में अधिकारियों को दिए निर्देश
कटनी – नवागत कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक मे कहा कि सभी अधिकारी आमजन की समस्याओं का पूरी संवेदनशीलता से त्वरित निराकरण करें और सीएम हेल्पलाइन में लंबित समस्याओं का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाना सुनिश्चित करें। जिले में 17 सितम्बर से 2 अक्टूवर तक चलने वाले स्वच्छता सेवा पखवाड़ा और राष्ट्रीय पोषण माह एवं स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए शासन के निर्देशानुसार संबंधित विभाग व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करें।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ शिशिर गेमावत और अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्र सहित सभी विभागों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का बेहतर क्रियान्वयन करें। मैदानी स्तर पर इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की समस्या हो तो अधिकारी उन्हें सीधे अवगत करायें।बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा अभियान, स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान और पोषण माह के तहत सभी संबंधित विभागों द्वारा दायित्वों का निर्वहन करते हुये चिन्हित गतिविधियों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इन सभी अभियानों के क्रियान्वयन में सभी जनप्रतिनिधियों सांसद, विधायक, पंचायत प्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों को भी अवश्य आमंत्रित करने अफसरों को निर्देशित किया।
नवपदस्थ कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि अभियान के दौरान आमजन की सक्रिय सहभागिता हो और वोकल फॉर लोकल की भावना को सशक्त किया जाए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अवधि के दौरान स्वास्थ्य केन्द्रों में रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किये जायें। ‘स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार’ अभियान के दौरान चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाये। जिसमें लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, गर्भवती माताओं की जांच आदि सभी कार्य होने चाहिए। साथ ही सभी नगरीय निकायों, नगर निगम व नगर पंचायतों तथा ग्राम पंचायतों और स्कूल, कॉलेजों एवं अस्पतालों में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत श्रमदान गतिविधियों के साथ-साथ एक पेड़ मां के नाम एवं एक बगिया मां के नाम कार्यक्रम के तहत पौधा रोपण भी किया जाय। नमो पार्क, नमोवन व नमो उपवन भी विकसित किया जाये। कलेक्टर ने इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों में विकसित भारत थीम पर चित्रकला, वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिता व संगोष्ठी का आयोजन भी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री तिवारी ने स्कूलों में छात्रों की आपार आईडी और आभा आईडी भी इन अभियान के दौरान प्राथमिकता के साथ बनाने के निर्देश शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण के संबंध में निर्देश
नवागत कलेक्टर आशीष तिवारी ने गुरूवार 18 सितंबर को बड़वारा विकासखंड मुख्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित दौरा कार्यक्रम के मद्देनजर अधिकारियों को दायित्व सौंपा और यहां विभिन्न गतिविधियों के लगाये जाने वाले स्टालों सहित अन्य जरूरी इंतजामों के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास के अधिकारियों को जिले के कुपोषित एवं गंभीर रूप से अतिकुपोषित बच्चों की निरंतर निगरानी की जाय और जरूरतमंदों को पोषण पुनर्वास केन्द्रों में व्यवस्थापित किया जाय।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने उर्वरक की कालाबाजारी, अवैध भंडारण, टैगिंग, मिस ब्रांडिंग, गुणवत्ताहीन उर्वरक बिक्री करने वाले और अवैध परिवहनकर्ताओं सहित इस प्रकार के कार्यों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित अन्य धाराओं के तहत एफआईआर कराने जैसी कार्रवाई के भी सख्त निर्देश कृषि अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अन्नदाता, किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी करने और अधिक मूल्य पर खाद-बीज बेचने वाले खाद-बीज विक्रेताओं को बख्शा नहीं जाए, सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाये और खाद-बीज विक्रेताओं का लायसेंस निलंबित करें।
इसके अलावा कलेक्टर आशीष तिवारी ने सामाजिक न्याय और नगरीय निकायों को शत्-प्रतिशत ई-केवायसी कार्य संपादित करने की भी हिदायत दिए।