दुद्धी सोनभद्र। ग्राम पंचायत मल्देवा में बिजली की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि वार्ड संख्या 4, गुप्ता बस्ती का ट्रांसफार्मर पिछले 15 दिनों से खराब पड़ा है, लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी न तो मरम्मत करा रहे हैं और न ही नया ट्रांसफार्मर बदल रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने 1912 पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी, परंतु विभागीय अधिकारियों ने हकीकत में ट्रांसफार्मर बदले बिना ही पोर्टल पर व्यवस्था दुरुस्त दिखाकर शिकायत को बंद कर दिया। इस कारण ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं, साथ ही उनकी खेती-किसानी भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि वार्ड संख्या–1, शर्मा बस्ती का ट्रांसफार्मर भी पिछले 15 दिनों से खराब था, जिसे विभाग ने 22 सितंबर को बदला था, लेकिन उसी दिन रात में नया लगाया गया ट्रांसफार्मर भी जल गया। इसकी भी शिकायत पोर्टल पर दर्ज की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते और फोन कॉल तक रिसीव नहीं करते। सिर्फ खानापूर्ति करते हुए पोर्टल पर झूठी रिपोर्ट डाल दी जाती है, जिससे न केवल जनता संकट में है बल्कि सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है।
इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं अपना दल (एस) विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। शिकायती पत्र पर ग्राम प्रधान सीता जायसवाल, निरंजन जायसवाल, जय प्रताप सिंह, उमेश कुमार, भागीरथी, नंदलाल, राकेश कुमार व अनूप कुमार के हस्ताक्षर किए गए।
ग्रामीणों ने मांग की कि जल्द से जल्द दोनों खराब ट्रांसफार्मरों को बदला जाए और लापरवाह बिजली विभाग कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह