प्रतिदिन दर्शनार्थियों की उमड़ रही है भीड़
अकरम खान पटेल की रिपोर्ट।
बैतूल। गंज स्थित बीजासनी माता मंदिर अब देश विदेश में आस्था के केंद्र के रूप में ख्याति प्राप्त है। मन्दिर के प्रथम तल पर महाकाली माता एवं पीतांबरा माता विराजित हैं। प्रत्येक नवरात्रि पंचमी के दिन फूलों से इनके भवन की विशेष साज सज्जा की जाती है जिसकी शोभा अनुपम एवं दर्शनीय होती है। यह अत्यंत सुखद संयोग भी है कि इस बार पंचमी शनिवार की है जो महाकाली माता एवं पीतांबरा माता का विशेष पूजन का भी दिन होता है जिसके कारण पंचमी को इनके दर्शन का विशेष महत्व है। मंदिर संस्थापक एवं समिति अध्यक्ष पंडित दीपक शर्मा ने बताया कि प्रतिदिन दर्शनार्थियों की संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि ज्योत एवं जवारों की अत्यंत पवित्रता , नियम एवं भक्ति भाव से मंदिर सदस्यों के द्वारा की जाने वाली सेवा तथा प्रतिदिन आह्वान पूजन प्रार्थना भोग आदि के कारण माता प्रसन्न होती है जिससे भक्तों की मनोकामना पूर्ण होती है। यही कारण है कि देश विदेश से अखंड ज्योत जलवाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या प्रतिवर्ष बढ़ती ही जा रही है। उन्होंने मंदिर समिति की ओर से समस्त धर्म प्रेमियों से शनिवार 27 सितंबर पंचमी के दिन महाकाली एवं पीतांबरा माता के विशेष दर्शनों का लाभ लेने का आग्रह किया है।