चंदौली से गैंगस्टर एक्ट में इनामी अपराधी को STF ने वाराणसी में किया गिरफ्तार, घोषित था 50 हजार का इनाम
Indian tv news /ब्यूरो चीफ. करन भास्कर चन्दौली उत्तर प्रदेश
चंदौली। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने गुरुवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल की है। जनपद चंदौली से गैंगस्टर एक्ट में वांछित और ₹50,000 का पुरस्कार घोषित अपराधी अरमान पुत्र बरकत अली, निवासी जुरई पुरवा थाना मुसाफिरखाना, अमेठी को वाराणसी के रामनगर भीटी बाईपास के पास से गिरफ्तार किया गया।
एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि फरार एवं इनामी अपराधी अरमान वाराणसी में सक्रिय है। 25 सितंबर 2025 की रात करीब 8:30 बजे प्रधान ढाबा, रामनगर भीटी बाईपास थाना क्षेत्र रामनगर के पास दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई एसटीएफ एएसपी लाल प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में निरीक्षक अंजनी कुमार पांडेय, निरीक्षक आदित्य कुमार सिंह और मुख्य आरक्षी गौरव सिंह की टीम ने अंजाम दी।गिरोह और अपराधक गतिविधियां
पुलिस पूछताछ में अरमान ने कबूला कि वह एक संगठित गिरोह का सदस्य है, जो उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब से गोवंशीय पशुओं की असम और पश्चिम बंगाल तक तस्करी करता है। मार्च 2023 में वह चंदौली में गोवंश तस्करी के मामले में पकड़ा गया था। इसके बाद अक्टूबर 2023 में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज होने पर वह हरियाणा, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद में छिपकर रह रहा था।
अरमान के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट (NBW) जारी हुआ था और कुर्की की कार्रवाई भी पूरी हो चुकी है। उसके खिलाफ अमेठी और चंदौली में कुल 5 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तार अरमान को थाना सैय्यदराजा, चंदौली में दर्ज गैंगस्टर एक्ट (मु0अ0सं0 220/2023) में दाखिल किया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई चंदौली पुलिस करेगी।