नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
दुर्गा पूजा को लेकर हजारीबाग में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, जेल में भी औचक निरीक्षण
हजारीबाग: दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे आगामी त्योहारों को देखते हुए हजारीबाग जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर से लेकर जेल तक पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है। इसी क्रम में, लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में एक महीने में तीसरी बार औचक निरीक्षण किया गया।
सदर एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में भारी संख्या में पुलिस बल और पांच मजिस्ट्रेट शामिल थे। करीब दो घंटे तक चले इस निरीक्षण के दौरान, जेल से कोई भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ।
एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि हजारीबाग की यह जेल सुरक्षा की दृष्टि से बहुत संवेदनशील है, क्योंकि यहां कई कुख्यात अपराधी बंद हैं। उन्होंने कहा कि इसी कारण यहां नियमित रूप से औचक निरीक्षण किया जाता है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे त्योहारों को शांति और उल्लास के साथ मनाएं, लेकिन साथ ही सतर्क और सावधान भी रहें।