नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान में 600 यूनिट रक्त संग्रह, वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन ने बनाया रिकॉर्ड
हजारीबाग: स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज के ब्लड सेंटर और वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन ने मिलकर रक्तदान के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चले इस अभियान के दौरान विभिन्न संस्थाओं और लोगों ने रक्तदान कर लगभग 600 यूनिट रक्त एकत्र किया।
अभियान के अंतिम दिन, 2 अक्टूबर को, वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन ने एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इसकी शुरुआत ऋषभ जैन ने रक्तदान करके की। इससे पहले 1 अक्टूबर को बीएसएफ मेरु में भी एक रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसका उद्घाटन डॉ. तारिक ने किया।
इन संस्थाओं ने दिया सहयोग:
इस पखवाड़े के दौरान, शहर के कई उप स्वास्थ्य केंद्रों, भारतीय युवा मोर्चा, सीसीएल चरही, माउंट कार्मल स्कूल हरनगंज, विनोबा भावे यूनिवर्सिटी के यूसेट, और 203 कोबरा बटालियन बरही जैसी संस्थाओं ने रक्तदान शिविर आयोजित किए। इसमें अकेले वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन ने 8 शिविर लगाए।
एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्मल जैन ने सभी रक्तदान करने वालों, शिविरों के आयोजकों और मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों व कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से उन कर्मचारियों की सराहना की जिन्होंने दशहरा जैसे पर्व पर भी छुट्टी न लेकर इस अभियान को सफल बनाने में मदद की। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह का सहयोग मिलता रहेगा, जिससे ब्लड बैंक में कभी रक्त की कमी नहीं होगी।