उरई(जालौन):
जनपद में जिला प्रशासन की मुस्तैदी से मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम सकुशल हुआ संपन्न:
डीएम एवं एसपी ने जनपद में लगातार भ्रमण कर संभाली सुरक्षा व्यवस्था:
नवरात्रि पर्व एवं दशहरा पर जिला प्रशासन की अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था से सभी कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुये। देर रात तक निश्चित स्थलों पर दुर्गा मूर्ति विसर्जन यात्रा धूमधाम से निकली। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार लगातार विसर्जन स्थलों का निरीक्षण करते रहें। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद के सभी नगरों एवं कस्बों में देवी विसर्जन यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर सभी जगह उल्लास और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया था। कोंच नगर में भी भव्य शोभा यात्रा नगर के मुख्य मार्ग से निकाली गई जो स्टेट बैंक चौराहा, भुजरिया चौराहा, नई बस्ती तिराहा, नगर पालिका कार्यालय, चंदकुआं चौराहा, नकटी माता मंदिर से होती हुई अंत में धनुताल मैदान पहुंची। यहां पर विधि-विधान से पूजा अर्चना के बाद देवी प्रतिमाओं का श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया गया। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। नगर में जगह-जगह भक्तों ने पेयजल, भण्डारा और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की। आस पास के क्षेत्रों से आई झांकियों और डीजे बेंड बाजे की धुन पर भक्त देर रात तक झूमते रहे। भव्य यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने पुख्ता इंतज़ाम किए। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार ने नगर पहुंचकर विसर्जन यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी परमेश्वर प्रसाद, उपजिलाधिकारी ज्योति सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। देवी विसर्जन यात्रा का पूरा आयोजन आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ सम्पन्न हुआ। देर रात तक यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर भक्तों की भीड़ उमड़ती रही।
(अनिल कुमार ओझा जिला ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश